मंगला में 15 अक्टूबर को निकलेगी भव्य चुनर यात्रा, मैहर की 51 मीटर लंबी चुनरी होगी आकर्षण का केंद्र
डिप्टी सीएम अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि, विधायक सुशांत शुक्ला करेंगे अध्यक्षता; शारदा मंदिर में भोज-भंडारे का आयोजन
बिलासपुर। मंगला स्थित कामाख्या मंदिर से 15 अक्टूबर गुरुवार को भव्य चुनर यात्रा निकाली जाएगी। दीनदयाल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित शारदा मंदिर तक निकलने वाली इस चुनर यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए कॉलोनी में जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा का मुख्य आकर्षण मैहर से विशेष रूप से तैयार कर मंगाई गई 51 मीटर लंबी चुनरी होगी। कामाख्या मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुरू होने वाली चुनर यात्रा दीनदयाल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित शारदा मंदिर पहुंचेगी। इस दौरान कॉलोनीवासियों की ओर से जगह-जगह यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। पूरे आयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
शारदा मंदिर पूजा समिति के अध्यक्ष श्री वर्मा ने बताया कि चुनर यात्रा में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, क्षेत्रीय विधायक सुशांत शुक्ला कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। महापौर पूजा विधानी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में यात्रा निकाली जाएगी। शारदा मंदिर में चुनर यात्रा के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए भोज-भंडारे का आयोजन भी किया गया है।
मैहर से लाई गई है माता रानी की प्रतिमा
दीनदयाल कॉलोनी के प्रतिष्ठित वर्मा परिवार की ओर से शारदा मंदिर में मैहर से विशेष रूप से माता रानी की प्रतिमा लाकर स्थापित की गई है। मंदिर में प्रतिदिन भजन-कीर्तन का आयोजन होता है, जिससे आसपास का वातावरण भक्तिमय बना रहता है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि शारदा माता के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना अवश्य पूरी होती है। इसी आस्था के चलते दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचते हैं।
नवरात्र में स्थापित किए गए मनोकामना ज्योति कलश
नवरात्र के पावन अवसर पर शारदा मंदिर में तेल और घी के मनोकामना ज्योति कलश भी स्थापित किए गए हैं। श्रद्धालु माता रानी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। चुनर यात्रा को लेकर मंदिर समिति और कॉलोनीवासियों में विशेष उत्साह है। आयोजन के माध्यम से श्रद्धालु माता रानी के प्रति अपनी आस्था और भक्ति प्रकट करेंगे।
