
20 लाख की ठगी के बाद डॉन का डर, फोन पर मिली गोली मारने की धमकी !
रायपुर। राजधानी के डीडीनगर थाना क्षेत्र में मकान के पुनर्निर्माण के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठेकेदार ने रकम लेने के बाद निर्माण कार्य पूरा नहीं किया और जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो उसे अंडरवर्ल्ड डॉन के नाम से धमकी दिलाई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ठेकेदार के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार एनआईटी कैंपस में पदस्थ सिक्यूरिटी अफसर बलराम नायक ने अवंति विहार निवासी ठेकेदार दिनेश देवांगन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि महादेव घाट रोड स्थित सुदर्शन विहार में उनके निजी मकान का पुनर्निर्माण कराया जाना था। इसके लिए उन्होंने मेसर्स पुनिवर्सल ब्रिक्स के ठेकेदार दिनेश देवांगन को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी दी थी। वर्ष 2024 से 2025 के बीच निर्माण कार्य के लिए करीब 20 लाख रुपये ठेकेदार को दिए गए, लेकिन इसके बावजूद मकान का काम पूरा नहीं किया गया।
पीड़ित का आरोप है कि बार-बार कहने के बाद भी ठेकेदार काम पूरा नहीं कर रहा था और रकम वापस करने से भी बचता रहा। काफी समय बीतने के बाद जब उन्होंने सख्ती से पैसा लौटाने की बात कही, तो उन्हें धमकियां मिलने लगीं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि ठेकेदार ने एक आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति से फोन करवाया, जिसने खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील और दाऊद इब्राहीम से जुड़ा बताते हुए गोली मारने की धमकी दी और पैसे वापस नहीं मांगने की चेतावनी दी।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार ने कुछ लोगों के साथ मिलकर एक फर्जी इकरारनामा तैयार कराया और उस पर जबरन हस्ताक्षर कराने की कोशिश की। साथ ही ब्लैकमेल करने का भी प्रयास किया गया।
डीडीनगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ठेकेदार के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बॉक्स
धमकी देकर दबाव बनाने की कोशिश, पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में ठगी के साथ-साथ धमकी देने की शिकायत भी गंभीर है। पीड़ित द्वारा अंडरवर्ल्ड के नाम से धमकी दिलाने का आरोप लगाया गया है, जिसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि धमकी देने वाला व्यक्ति कौन था और उसका आरोपी से क्या संबंध है।
निर्माण कार्य के नाम पर बढ़ रहे ठगी के मामले
पुलिस का कहना है कि शहर में मकान निर्माण, प्लॉट और ठेकेदारी के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। लोगों को बिना लिखित अनुबंध और बिना सत्यापन के बड़ी रकम देने से बचने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले ठेकेदार की पूरी जानकारी और दस्तावेज की जांच करना जरूरी है।
