दुकान में डेटोनेटर ब्लास्ट, दुकानदार घायल
जांजगीर। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत बनाहिल गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक दुकान में डेटोनेटर ब्लास्ट कर दिया गया। इस घटना में दुकानदार के पैर में चोट आई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात लोगों द्वारा दुकान के भीतर डेटोनेटर फोड़ा गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। धमाके के कारण दुकान में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। घायल दुकानदार को उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
घटना के पीछे आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सूचना मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

