
रतनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कार से गांजा, वॉकी-टॉकी समेत 6.77 लाख की जब्ती, तस्कर गिरफ्तार
पेण्ड्रा से बिलासपुर आ रही नशे की खेप पकड़ी, घेराबंदी कर दबोचा आरोपी
बिलासपुर जिले में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के अभियान के तहत रतनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पेण्ड्रा से बिलासपुर की ओर खपाने के लिए लाई जा रही गांजा की खेप को पकड़ते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक नीले रंग की कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर बिलासपुर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना रतनपुर की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए ग्राम घासीपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार से करीब 3.3 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 65 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन, दो वॉकी-टॉकी और परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई। कुल जब्ती की कीमत करीब 6 लाख 77 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ मिश्रा के रूप में हुई है, जो गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही क्षेत्र का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने गांजा को बिलासपुर में बिक्री के लिए लाना स्वीकार किया है।
यह कार्रवाई रजनेश सिंह (एसएसपी) के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक पवन सिंह, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आरक्षक संजय यादव और महिला आरक्षक अंजेला खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की सतर्कता और सटीक सूचना तंत्र के चलते नशे की सप्लाई पर बड़ा ब्रेक लगा है।
