
भिंभौरी को महाविद्यालय व सामुदायिक भवन की सौगात, विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ की घोषणा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया भूमिपूजन, जल आवर्धन योजना के लिए 4 करोड़ और अन्य विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत
बिलासपुर/बेमेतरा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन के कारण छत्तीसगढ़ में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बेमेतरा जिले के नगर पंचायत भिंभौरी में आयोजित कार्यक्रम में 4 करोड़ 65 लाख 84 हजार रुपये की लागत से बनने वाले नवीन महाविद्यालय भवन तथा 14 लाख 28 हजार रुपये की लागत से बनने वाले किसान सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम में अरुण साव ने नगर पंचायत भिंभौरी के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा की। इसमें घर-घर पेयजल पहुंचाने के लिए जल आवर्धन योजना हेतु 4 करोड़ रुपये तथा अन्य विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री और सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि सरकार ने जनता से किए गए वादों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया है। किसानों को दो वर्ष का बकाया बोनस दिया गया है और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है, वहीं आवासहीन परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगातार स्वीकृतियां दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंच रहा है तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है।
कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, विधायक दीपेश साहू, ईश्वर साहू, रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
