
सशक्त बूथ अभियान के तहत देवरी खुर्द में सुनी गई प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के ‘सशक्त बूथ, सशक्त भाजपा’ अभियान के तहत मस्तूरी विधानसभा के देवरी खुर्द मंडल अंतर्गत चंद्रशेखर आजाद नगर वार्ड क्रमांक 42 के बूथ क्रमांक 146 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन देवरी डीह स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में बूथ अध्यक्ष डी.एन. शुक्ला के निवास पर हुआ।
सांस्कृतिक प्रकोष्ठ बिलासपुर ग्रामीण के सह मीडिया प्रभारी तरुण ललपुरे के अनुसार, कार्यक्रम प्रभारी एवं जिला सह संयोजक विवेक पाण्डेय के मार्गदर्शन में बूथ स्तर पर विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों को कार्यक्रम से जोड़ा गया।
इस अवसर पर बूथ अध्यक्ष डी.एन. शुक्ला ने संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया। वरिष्ठ अधिवक्ता प्रमोद सागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनहितकारी विचारों और योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों ने प्रधानमंत्री के विचारों का सामूहिक श्रवण किया तथा राष्ट्र निर्माण और संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य राजू बैरागी, वरिष्ठ कार्यकर्ता निर्मला वस्त्रकर, तरुण ललपुरे, जेजेपी जिला कार्यकारिणी सदस्य धर्मेंद्र शर्मा, श्याम शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अंत में सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
