
रायपुर में लिव-इन पार्टनर की हत्या से सनसनी, शक में युवक ने की वारदात, आरोपी हिरासत में
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, युवक ने अपनी महिला साथी पर संदेह के चलते उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतका कांकेर जिले की रहने वाली थी और रायपुर के एक निजी कॉलेज में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वहीं आरोपी युवक की पहचान सावंत बघेल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोंडागांव का निवासी बताया जा रहा है और पढ़ाई के सिलसिले में रायपुर में रह रहा था। दोनों पिछले छह से सात महीनों से लिव-इन रिलेशनशिप में एक साथ रह रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक को अपनी साथी पर शक था, जिसके चलते दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने युवती की हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
