
जांजगीर-चांपा। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने गुरुवार को जांजगीर जिले में दो अलग-अलग ट्रैप कार्रवाई कर कुल चार आरोपियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपियों में एक नगर पंचायत का लेखापाल और विद्युत विभाग के तीन कर्मचारी शामिल हैं।
पहली कार्रवाई नवागढ़ नगर पंचायत में की गई, जहां लेखापाल प्रकाश जायसवाल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया। शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया था कि लगभग 2 लाख 3 हजार रुपये के बिल का चेक जारी करने के एवज में लेखापाल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
दूसरी कार्रवाई छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) जांजगीर में की गई। यहां सहायक अभियंता विजय नोर्गे, उप अभियंता राजेंद्र शुक्ला तथा सहायक ग्रेड-1 देवेंद्र राठौर को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि ट्रांसफार्मर लगाने और मीटर कनेक्शन से संबंधित कार्य कराने के बदले रिश्वत मांगी जा रही थी।
दोनों मामलों में शिकायत मिलने के बाद एसीबी बिलासपुर की टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की और आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
