
भाजपा नेता का जुआ खेलते वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर मचा बवाल
मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शहर में भाजपा से जुड़े एक पदाधिकारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। वायरल वीडियो में भाजपा नेता शुभम सिंह कुछ लोगों के साथ जुआ खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो एक रील के रूप में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है।
वीडियो के साथ लिखे गए कैप्शन ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। कैप्शन में लिखा है – “हमारा दबदबा है, कोई हाथ नहीं लगा सकता।” इस लाइन को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोग इस वीडियो को शेयर करते हुए सवाल उठा रहे हैं कि एक राजनीतिक दल से जुड़े पदाधिकारी का इस तरह का वीडियो सामने आना गंभीर मामला है।
जानकारी के अनुसार शुभम सिंह भाजपा के हसदेव मंडल में सोशल मीडिया संयोजक के पद पर बताए जा रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है और कुछ लोगों ने इस मामले में जांच कर कार्रवाई करने की मांग भी की है।
हालांकि इस पूरे मामले को लेकर अब तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, सोशल मीडिया पर वीडियो लगातार वायरल हो रहा है और लोग इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। ऐसे मामलों से राजनीतिक दलों की छवि पर भी असर पड़ने की बात कही जा रही है।
(उपलब्ध वीडियो के आधार पर)
